Skip to content

फिरोजाबाद: सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा की मौत, भतीजा घायल

फिरोजाबाद। सोमवार की शाम थाना मटसेना क्षेत्रांर्गत हुए सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चाचा की मौके पर मौत हो गई। जबकि भतीजा को घायलावस्थामें उपचार को जिला अस्पताल लाए। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसको तत्काल आगरा रेफर कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरूद् मामला दर्ज किया है।

घटना सोमवार रात्रि करीब दस बजे की है। थाना मटसेना के दतावली निवासी रामनरेश उर्फ पप्पू (45वर्ष) अपने भतीजे रघुराज (35) के साथ बाइक से शिकोहाबाद किसी काम से गए थे। बाइक पर ही सवार होकर गांव वापस लौट रहे थे। गांव दतावली से थोड़ा पहले ही हरगनपुर मोड़ पर ही पहुंचे थे तभी किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी।

बाइक में टक्कर लगने से चाचा भतीजे दोनों घायल हो गए। सूनसान इलाका होने के कारण हादसे की जानकारी किसी को नहीं हो सकी। काफी देर तक दोनों घटना स्थल पर ही पड़े रहे। किसी राहगीर ने इस हादसे की सूचना थाना मटसेना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मटसेना मोहर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देखा तो चाचा रामनरेश उर्फ पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई थी।

जबकि घायल रघुराज को एंबुलेंस के माध्यम से तत्काल उपचार को जिला अस्पताल भेजा। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसको तत्काल आगरा रेफर कर दिया। इधर हादसे की जानकारी होते ही रामनरेश के घर में चीख पुकार मच गई। परिजन एकत्रित होकर जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया।

हादसे के संबंध में रामलखन ने अज्ञात वाहन स्वामी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष मटसेना मोहर सिंह ने बताया कि हादसे में घायल भतीजा रघुराज का आगरा में उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *