-निर्दलीय और सपा प्रत्याशी समर्थकों में हुआ था विवाद
-शाम को महिलाओं को रोके जाने की अफवाह पर भडके लोग
फिरोजाबाद। एक अफवाह के चलते वार्ड संख्या 63 स्थित एक पोलिंग बूथ के बाहर हंगामा और पथराव हो गया। लालपुर स्थित भंवर सिंह इंटर कॉलेज में बने बूथ के बाहर लोगों ने जमकर पथराव किया। पथराव के चलते लोगों में भगदड मच गई। थाना दक्षिण पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची तथा पथराव करने वालों को दौडाया। सूचना मिलने पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गये। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस पथराव व हंगामा में संलिप्त कुछ युवकों को हिरासत में लिया है।
घटना लगभग साढे पांच बजे की है। वार्ड संख्या 63 मौहल्ला छपरिया के मतदान केंद्र भंवर सिंह इंटर कॉलेज में मतदान प्रक्रिया अंतिम चरण में थी। इसी दरम्यान किसी ने पोलिंग बूथ के भीतर कुछ महिलाओं को रोके जाने की अफवाह फैला दी। इससे वहां मौजूद सपा प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान और एक अन्य प्रत्याशी के समर्थक आमने-सामने आ गये। देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। दोनों पक्षों में सुबह भी कहासुनी और मतदाता पहचान पत्र फाडे जाने को लेकर गर्मागर्मी हुई थी। जिसे पुलिस ने शांत करा दिया था।
लेकिन शाम को जैसे ही पोलिंग बूथ के अंदर कुछ महिलाओं को रोके जाने की अफवाह उड़ी, वैसे ही दोनों पक्षों में वाद-विवाद बढ़ता चला गया। मौजूद पुलिब कुछ समझ पाते वैसे ही दोनों और जमकर ईट-पत्थर चले। पुलिस कमी मौजूदगी में भी कुछ लोग घर की छतों पर और गली में पथराव करते दिखाई दिये। पथराव के कारण पोलिंग बूथ के बाहर खडी किसी मतदान कर्मी की निजी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलने पर सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट के अलावा भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस बल ने बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को वहां से खदेडा। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा दी जानकारी के अनुसार पुलिस ने पथराव के बाद कुछ युवकों को एतिहायत के तौर पर हिरासत में लिया है।