फिरोजाबाद। बंबा रोड स्थित प्राइवेट अंजली अस्पताल में बुधवार को एक प्रसूता की प्रसव के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा काटा। जिसके बाद अस्पताल प्रशासन भाग गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने अस्पताल के खिलाफ कार्यवाही की बात कही है।
वर्षा (23) पत्नी छोटू निवासी कायथा नारखी को प्रसव पीढ़ा थी। परिजन उसको लेकर बंबा रोड स्थित अंजली हॉस्पीटल आए। यहां महिला को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। डॉक्टर ने महिला का ऑपरेशन किया और बच्चे को सकुशल जन्म दिया। लेकिन इस दौरान महिला की हालत खराब हो गई। महिला की हालत बिगड़ते ही अस्पताल प्रशासन के हाथ-पैर फूल गये और वे एक-एक करके अस्पताल से भाग गये।
इस दौरान परिजनों ने देखा तो प्रसूता की मौत हो चुकी थी। महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। परिजनों ने बताया कि वर्षा की एक वर्ष पूर्व शादी हुई थी और यह पहली डिलेवरी थी। महिला की मौत की जानकारी होते ही थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गये।
प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार का कहना है कि अजंली अस्पताल में प्रसूता की मौत हो गई है। परिजनों और चिकित्सालय के स्टाफ के साथ समझौता चल रहा है। अगर परिजन तहरीर देते हैं तो मामले की जांच कर शव का पोस्टमार्टम कराकर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जायेगी।