फिरोजाबाद: नूतन के बाद कामिनी बनीं फिरोजाबाद की दूसरी महिला महापौर, सपा प्रत्याशी को 26961 वोटो से हराया

फिरोजाबाद। शनिवार को फिरोजाबाद नगर निगम मेयर पद पर भाजपा प्रत्याशी कामिनी राठौर ने दूसरी महिला के रूप में जीत दर्ज की। उन्होंने सपा प्रत्याशी मशरूर फातिमा को 26961 वोटो से हरा दिया। सुहागनगरी में सपा दूसरे तो बसपा तीसरे स्थान पर रही।

भाजपा ने इस बार निकाय चुनाव में निर्वतमान मेयर नूतन राठौर का टिकट काटकर युवा चेहरा कामिनी राठौर को प्रत्याशी बनाया था। वहीं बसपा और सपा की ओर से मुस्लिम उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। बसपा से रूखसाना बेगम तो सपा से मशरूर फातिमा चुनाव लड़ी। सपा और बसपा में मुस्लिम वोटों का बंटवारा होने का लाभ भाजपा प्रत्याशी को मिला। भाजपा प्रत्याशी शुरू से ही बढ़त बनाए रहीं। बीच में एक बार सपा और एक बार बसपा ने भी बढ़त बनाई लेकिन कुल वोटों में भाजपा को कोई पीछे नहीं छोड़ सका।

भाजपा की कामिनी राठौर को 101381 मत प्राप्त हुए जबकि सपा की मशरूर फातिमा को 74420 एवं बसपा की रूखसाना बेगम को 44771 मत प्राप्त हुए। भाजपा की कामिनी राठौर ने 26961 वोटो से जीत दर्ज की। सुहागनगरी में यहां दूसरी बार भाजपा का मेयर बना है।

- Advertisement -
- Advertisement -spot_img

Related News

- Advertisement -