शिकोहाबाद: शब्दम् ने किया हिंदी मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान

शिकोहाबाद। शब्दम् संस्था द्वारा हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में हाईस्कूल व इण्टरमीडिएट के हिंदी विषय में 90 या अधिक अंक लाने वाले जनपद के 30 विद्यालयों के 210 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता में हिंदी भाषा का योगदान विषय पर गोष्ठी का आयोजन भी किया गया। संस्था का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में हिन्दी को गौरव की भाषा बनाना है।

इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष किरण बजाज ने कहा कि आज विदेशों में जो लोग उच्चासीन पदों पर हैं। वे अपनी भाषा में ही निपुणता हासिल कर वहां तक पहुंचे। विद्यार्थियों से कहना चाहूंगी कि हिन्दी में ही प्रगति है। अपने सपनों को ही आप हिंदी में ही खोजें। मुख्य वक्ता अरविन्द तिवारी ने कहा कि हमें हिन्दी भाषा को इतना सरल बनाना है कि पूरे देशवासी उस भाषा को अपना सकें। क्योंकि संस्कृत निष्ठ भाषा हर व्यक्ति नहीं अपना सकता। इसलिए उसमें भारत के विभिन्न राज्यों की प्रचलित भाषाओं के शब्दों को शामिल करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ.ध्रवेन्द्र भदौरिया ने अपनी कविता सुनाते हुए कहा कि खुसरो ने तुमको चमकाया और जायसी ने अपनाया। रहीम और रसखान ने तुझको आदर देकर शीष झुकाया। फिर भी तू है एक वर्ग की, सुनकर हुयी हतासा हिन्दी। भारत मां की आशा हिन्दी। कार्यक्रम के दौरान कई विद्यार्थियों ने भी राष्ट्रीय एकता में हिन्दी भाषा का योगदान विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

डॉ. महेश आलोक ने शब्दम् परिचय दिया। मंजर उलवासै ने विद्यार्थियों को बताया कि कैसे हिन्दी शब्दकोष देखा जा सकता है। डॉ. चन्द्रवीर जैन ने गीतिका बजाज की कविता पढ़कर सुनायी। संचालन दीपक औहरी ने किया।इस अवसर पर अश्वनी जैन, अलका अग्रवाल, दीप्ती सक्सेना, मेघा सक्सेना, आशीष यादव, प्रीती औहरी, मोहित जादोंन, विवेक शुक्ला, भूपेन्द्र सिंह, राजीव प्रताप, राहुल शर्मा, अजय पाल, शिवम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

- Advertisement -
- Advertisement -spot_img

Related News

- Advertisement -