-58 हिंदू जोड़ो ने लिए अग्नि के समक्ष सात फेरे, 42 मुस्लिम जोड़ों का कराया निकाह
फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नगर निगम द्वारा गुरुवार को 100 जोड़ो ने एक दूसरे का हाथ थामा। जिसमें 58 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे और 42 मुस्लिम जोड़ों ने निकाह किया। महापौर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
दोपहर को समाज कल्याण विभाग और नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से सामूहिक विवाह का आयोजन गांधी पार्क स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम की तैयारियां एक दिन पहले ही पूरी कर ली गई थीं। सुबह से वर और वधु के जोड़ों का आना शुरू हो गया था। हिंदू जोड़ों का विवाह हिंदू रीति रिवाज से शुरू हुआ। पंडितों ने 58 हिंदू जोड़ों का विवाह संपन्न कराया। सभी ने सात फेरे लेकर सात जन्मों तक जीने मरने की कसमें खाईं। वहीं 42 मुस्लिम जोड़ों ने निकाह किया।
महापौर कामिनी राठौर, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने वर और वधु को आशीर्वाद दिया। महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 51 हजार रुपये की राशि दी जाती है। जिसमें 35000 हजार बेटी के खाते में पहुंचते हैं। 10 हजार रुपये का सामान और 6 हजार रुपये की राशि खाने पीने में खर्च की जाती है। उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह विधि विधान से संपन्न कराया गया है। सुरक्षा को लेकर पुलिस के भी कड़े इंतजाम रहे।
कार्यक्रम में नगर निगम फिरोजाबाद से 44, नगर पालिका शिकोहाबाद से 15, नगर पंचायत सिरसागंज से 6, नगर पंचायत मक्खनपुर से 3, ब्लाक फिरोजाबाद से 8, खैरगढ़ से 8, टूंडला से 8, जसराना से 8, कुल 100 जोड़ों की शादी पारंपरिक रीति रिवाज से सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन कर निर्धारण अधिकारी नीरज पटेल ने किया। सामूहिक विवाह समारोह में महापौर कामिनी राठौर, सहायक नगर आयुक्त निहालचंद, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, अध्यक्ष नगर पंचायत गीता दिवाकर, जिला समाज कल्याण अधिकारी सूर्यकांत मिश्रा, उपसभापति विजय शर्मा एवं अन्य पार्षदगण उपस्थित रहे।