-गन्ना किसानों और भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत
फिरोजाबाद। गन्ना किसानों और भ्रष्टाचार को लेकर गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय पर हुंकार भरी। उन्होंने मुख्यमंत्री के संबोधित ज्ञापन एसडीएम मुख्यालय को सौंपा। उन्होंने कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश चैहान के निर्देशन में गुरुवार को जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव के नेतृत्व में पदाधिकारी जिला मुख्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम मुख्यालय को सौंपा। राष्ट्रीय सचिव जीत कमल सोलंकी ने कहा की सरकार द्वारा गन्ना किसानों की मांग पर मूल्य का निर्धारण अभी तक नही किया गया है। इसकी वजह से प्रदेश भर के गन्ना किसान परेशान हैं।
जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव ने कहा की गन्ना किसान उचित मूल्य न मिलने से बेहद परेशान हैं। उनकी समस्याओं का शीघ्र निदान नहीं किया गया तो बहुत बड़ा आंदोलन होगा। उन्होंने कहा कि जिले के एक लेखपाल द्वारा रिश्वत लेते हुए वीडियो चलने के बाद उसको निलंबित कर दिया लेकिन वह चार्ज लेकर अभी भी किसानों को प्रताड़ित कर रहा है, उसको तत्काल हटाया जाए।
व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष पंडित अखिलेश शर्मा ने कहा कि किसानों की समस्या का तुरंत निदान हो तथा जिले में व्याप्त कुछ अधिकारियों द्वारा जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है जिले में तैनात सीएमओ डा. राम बदन राम द्वारा लगातार भ्रष्टाचार किया जा रहा है जिस व्यक्ति को करोड़ों रुपए का ठेका नियम विरुद्ध दिया गया जिसकी जांच चल रही है। ऐसे लोगों को भी हटाया जाए।
इस मौके पर राजेंद्र सिंह, भूरी सिंह, महेंद्र वीर, पीयूष अग्रवाल, बृजेश राठौर, अंकुश, विनोद गोस्वामी, श्रीकांत, अभय, वाजिब अली, उमेश बिजेंदर आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।