फिरोजाबाद: महाविद्यालय स्तरीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का हुआ आयोजन

फिरोजाबाद। बीडीएम गर्ल्स डिग्री कॉलेज में शुक्रवार को प्राचार्या प्रो गीता यादवेन्दु की अध्यक्षता में महाविद्यालय स्तरीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका विषय राष्ट्रीय विज्ञान एवं राष्ट्रीय स्तरीय रेंजर्स शिविर रहा।
कार्यक्रम जिला गाइड कमिश्नर असि प्रो दर्शना कुमारी के निर्देशन में भारत स्काउट गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में महाविद्यालय स्तरीय ओरिएन्टेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। ओरिएन्टेशन का विषय राष्ट्रीय विज्ञान एवं राष्ट्रीय स्तरीय रेंजर्स शिविर रहा। इसके अन्तर्गत छात्राओं को भारत स्काउट गाइड संस्था की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि स्काउटिंग का मिशन स्काउट प्रतिज्ञा और कानून पर आधारित मूल्य प्रणाली के माध्यम से युवा लोगों की शिक्षा में योगदान देना है। ताकि जनसामान्य व्यक्तिगत रूप से संतुष्ट हों और समाज में रचनात्मक भूमिका निभा सके।
रेंजर्स समिति सदस्य असि प्रो पूजा राजपूत ने रेंजर्स छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि भारत स्काउट संस्था के माध्यम से हम सामुदायिक भावना को जागृत करते है। असि प्रो सोनिका ने स्काउट गाइड के संस्थापक लार्ड रॉबर्ट बेडेन पॉवेल के बारे में प्रमुख तथ्यों की जानकारी दी। जिला ट्रेनिंग काउंसलर आगरा विश्वविद्यालय से मनीष कुमार ने स्काउट गाइड के चार सोपान प्रवेश, निपुण राज्यपाल, राष्ट्रपति पदक के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा प्रमाण पत्रों की उपादेयता एवं महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में प्रो शशिप्रभा तोमर, प्रो सीमारानी जैन, डॉ नीलम, प्रीति सिंह और डॉ नम्रता सहित सभी शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।