फिरोजाबाद: दस हजार के इनामियां हिस्ट्रीसीटर से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से हुआ घायल

-आरोपी पर चोरी, लूट, बलवा, मारपीट, जानलेवा हमला, छेड़खानी, रेप, अवैध शराब के मामले में दर्ज हैं मुकदमे
फिरोजाबाद। दस हजार के इनामियां हिस्ट्रीशीटर से सिरसागंज पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जिसमें पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में 24 मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी ग्रामीण अखिलेश भदोरिया ने बताया कि सिरसागंज पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी की एक हिस्ट्रीशीटर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। तभी पुलिस ने नगला राई मोड सोथरा रोड पर चेकिंग शुरू कर दी। तभी बाइक पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ नजर आया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो पुलिस टीम को देखकर वह बाइक वापस मोड़ कर भागने लगा, लेकिन हड़बड़ाहट में भागते समय उसकी बाइक फिसल गई। जिसके चलते वह गिर गया। पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें पुलिस की गोली पैर में लगने से वह घायल हो गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सनी उर्फ सनिया पुत्र महेंद्र सिंह निवासी सिरसागंज बताया। उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल, एक तमंचा, कारतूस और लूटे गए 5000 रुपये बरामद हुए हैं। घायल अवस्था में आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के विरुद्ध विभिन्न थानों में 24 मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें चोरी, लूट, बलवा, मारपीट, जानलेवा हमला, छेड़खानी, दुष्कर्म, अवैध असलाह, अवैध शराब संबंधी विभिन्न मामले शामिल हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष वैभव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, राज नारायण, भैया लाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।