फिरोजाबाद: आम के पेड़ पर लटका मिला चालक का शव, दो दिन से था लापता

फिरोजाबाद। नगला खंगर क्षेत्र में रहने वाले एक चालक का शव थाना सिरसागंज क्षेत्र में एक आम के पेड़ पर लटका हुआ मिला है। घर में कहासुनी होने के बाद वह घर से निकल आया था और विगत दो दिन से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
थाना नगला खंगर क्षेत्र के गांव नगला सदा निवासी 40 वर्षीय अवनीश कुमार पुत्र बाबू सिंह गाड़ी चलाते थे। वह तीन बेटों और एक बेटी के पिता थे। दो दिन पहले उनका घर में पत्नी और परिजनों से झगड़ा हो गया था। उसके बाद वह घर से बिना बताए निकल आए। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल सका तो परिजनों ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने चालक की तलाश में जुट गई।
शनिवार सुबह चालक का शव थाना सिरसागंज क्षेत्र के बाबा की शाला तोमर कोल्ड स्टोरेज के पास आम के पेड़ पर लटका हुआ मिला। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थाना सिरसागंज पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अभी तक की जांच में यह सामने आया है। मृतक का परिवार में झगड़ा हुआ था, उसके बाद वह घर से निकल आया था।