फिरोजाबाद: पत्नी से विवाद के बाद पति ने लगाई फांसी, मौत

-युवक की 12 साल पहले हुई थी शादी
फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र में एक युवक का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। परिजनों का आरोप है कि पत्नी से कुछ कहासुनी हुई थी। उसके बाद युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। उसकी शादी 12 साल पहले हुई थी और अभी तक कोई संतान नहीं थी।
थाना नारखी क्षेत्र के गांव जाटऊ निवासी 32 वर्षीय गुड्डू पुत्र ज्ञान सिंह जाटव मेहनत मजदूरी करता था। पति पत्नी के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। रविवार को दिन में पति और पत्नी के बीच कहासुनी हुई तो पत्नी ने पुलिस बुला ली थी। पुलिस दोनों को समझा बुझाकर वापस चली गई। रात को फिर दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई और देर रात युवक ने कमरे के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों ने बताया कि उनके कोई संतान नहीं थी। इंस्पेक्टर मनोज कुमार शर्मा का कहना है कि मृतक अधिक क्रोध करता था। शराब पीकर भी आता था। गुस्से में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। शव को पेास्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।