शिकोहाबाद: नगर पालिका ने एक राष्ट्र एक चुनाव को दी हरी झंडी

-बोर्ड मीटिंग में एक स्वर से एक राष्ट्र एक चुनाव के प्रस्ताव किया पास
शिकोहाबाद। नगर पालिका की मंगलवार को सुबह दस बजे बोर्ड मीटिंग हुई। इसमें सर्वप्रथम एक राष्ट्र एक चुनाव के समर्थन में प्रस्ताव रखा गया। जिसे सभी सदस्यों ने करतल ध्वनि से पास कर दिया। पालिका ने एक राष्ट्र एक चुनाव को हरी झंडी देदी है।
एक राष्ट्र एक चुनाव का उद्देश्य भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाना है। इसका मुख्य उद्देश्य लोकसभा और सभी राज्य विधान सभाओं के चुनाव को एक साथ आयोजित करना है। ताकि समय, संसाधन और प्रशासनिक खर्चों की बचत हो सके। इसके साथ ही देश के विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहे। एक राष्ट्र और एक चुनाव के लाभ बताते हुए कहा गया कि इससे प्रशासनिक और आर्थिक दक्षता हासिल होगी। बार-बार चुनाव कराने में भारी प्रशासनिक खर्च और संसाधनों की बर्बादी होती है। एक साथ चुनाव से चुनावी खर्च में भारी कमी आएगी और सुरक्षा बलों, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों को बार-बार चुनाव ड्यूटी से मुक्त किया जा सकेगा।
यह प्रस्ताव राजनीतिक अस्थिरता को कम करने में मदद करेगा। जिससे नीति निर्माण में स्थिरता और दीर्घकालिक दृष्टिकोण सुनिश्चित होगा। इस चुनाव से मतदाताओं में अधिक जागरूकता और उत्साह पैदा होगा। जिससे मतदान प्रतिशत बढ़ेगा और लोकतंत्र को सशक्त किया जा सकेगा। साथ ही चुनाव आयोग व राजनितक दलों को बार-बार चुनाव प्रचार के लिए भारी धनराशि खर्च करनी पड़ती है। एक साथ चुनाव होने से चुनावी खर्च में कटोती होगी, जिससे धन का अधिक सदुपयोग हो सकेगा। सभी सदस्यों ने एक स्वर से इसे संसद में प्रस्तुत विधेयक के पारित कर इसे कानूनी रूप दिये जाने की मांग की।
चुनाव आयोग को आवश्यक तकनीकी और प्रसासनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। सभी राजनीतिक दल आम सहमति बना कर इसे आगे बढ़े। प्रस्ताव पालिकाध्यक्ष रानी गुप्ता ने रखा। जिसका समर्थक मोहित, महजबीन, माधुरी, असमा खांन, पंचम सिंह, गौरव यादव, अरविंद, हरीओम, सुधा देवी, उर्मिला, सोनम गिहार, करन सिंह, अनीता, अखिलेश यादव, अनीता, अशोक कुमार, आशुतोष वर्मा सहित लगभग 22 सभासदों ने समर्थन कर प्रस्ताव को पास कर दिया।