शिकोहाबाद: परशुराम जयंती पर मेधावी छात्र एवं वृद्धजन सम्मानित

-ब्राह्मण समाज एकजुट होकर सामाजिक बुराइयों के लिए संघर्ष करें
-अपनी पहचान बनाए रखने के लिए शस्त्र एवं शास्त्र के ज्ञाता बने
शिकोहाबाद। भगवान विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम की जयंती के अवसर पर बुधवार को श्री ब्राह्मण समाज धर्मशाला बस स्टैंड के सामने में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिंदी के लोकप्रिय कवि एवं विख्यात व्यंगकार अरविंद तिवारी का नागरिक अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही वृद्धजन एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिंह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने सभी ब्राह्मण जनों से एकजुट होकर सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए संकल्प लिया। समाज के गरीब असहाय पीड़ितों की मदद का आवाहन किया। इस अवसर पर समाज के वृद्ध जनों एवं मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका सिरसागंज की पूर्व अध्यक्ष सरोज शर्मा, सीताराम शर्मा, अरविंद पचैरी, कौशल किशोर उपाध्याय, गोविंद कृष्ण शर्मा, राज किशोर पचैरी, उमाशंकर मिश्रा, अशोक गर्ग, अनुपमा शर्मा, शिवकुमार शर्मा, विकास दुबे, शिवम दीक्षित, आचार्य राजीव तिवारी, अशोक कुमार तिवारी, आशुतोष तिवारी ने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं को अच्छी शिक्षा दिलाने के साथ शस्त्र एवं शास्त्र के ज्ञान में पारंगत होने की अपील की।
इस अवसर पर श्री ब्राह्मण समाज शिकोहाबाद के मंत्री देवेंद्र कुमार शर्मा एडवोकेट ने सफल संचालन के साथ समाज की सभी गतिविधियों एवं दानदाताओं के सहयोग के बारे में बताया। अंत में समारोह की अध्यक्षता कर रहे विष्णु दत्त गर्ग उर्फ विपिन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। श्री गंगेश्वर संस्कृत पाठशाला के आचार्यों द्वारा भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर धर्मशाला में हवन पूजन विश्व के कल्याण के लिए किया गया।