-फाइनेंस का काम करता था मृतक, परिवार में मचा कोहराम
फिरोजाबाद। थाना लाइनपार क्षेत्र में सड़क पर खड़ी मैक्स से बाइक सवार की टक्कर हो गई। घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां से आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक फाइनेंस का काम करता था और एक बेटी का पिता था।
थाना लाइनपार क्षेत्र के कुर्री कूपा निवासी 24 वर्षीय हर्षित शुक्रवार रात कोटला चुंगी के समीप स्थित अपने फाइनेंस के आफिस से बाइक द्वारा अपने घर वापस लौट रहे थे। तभी रूपसपुर ओवरब्रिज के निकट सड़क किनारे खड़ी मैक्स में वह पीछे से टकरा गए। टक्कर लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए। घटना में उनके काफी चोटें आईं। सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
हालत गंभीर होने पर वहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें आगरा के प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि मृतक एक बेटी का पिता था। फाइनेंस का काम कर वह अपने परिवार का खर्च चलाता था।
इंस्पेक्टर थाना लाइनपार का कहना है कि बाइक सवार मैक्स में पीछे से टकरा गया था, दुर्घटना में उसकी मौत हुई है। अभी तक परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएंगी।