फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, प्रयागराज के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षा विभाग अयोध्या के तत्वाधान में राज्य स्तरीय 52 वीं जवाहरलाल नेहरु बाल विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी एस.एस.वी. इंटर कॉलेज अयोध्या में 17 से 20 दिसम्बर तक आयोजित हो रही है। जिसमें जिला विद्यालय निरीक्षक फिरोजाबाद धीरेन्द्र कुमार के निर्देशन में जनपद के नोडल अधिकारी अश्वनी जैन के साथ जनपद की प्रतिभाएं अपना प्रदर्शन कर रही हैं।
अश्वनी कुमार जैन ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य विषय सतत भविष्य के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी है। इस प्रदर्शनी में सर्वप्रथम जनपद स्तर पर चयनित प्रतिभागियों ने आगरा मंडल स्तरीय प्रदर्शनी में प्रतिभाग किया था। जिसमें प्रदर्शनी के द्वितीय दिवस पर जनपद फिरोजाबाद केएम. डी. जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज की छात्रा साधना एवं वासुदेव ने जूनियर वर्ग में आपदा प्रबंधन उपविषय में अपने मॉडल निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किया।
इसी के साथ कृषक इंटर कॉलेज पचोखरा के मार्गदर्शक शिक्षक हिमांशु भारद्वाज के साथ विद्यालय के युवराज सिंह ने जूनियर वर्ग में यातायात एवं संचार, आर आर एम इंटर कॉलेज बछगाँव की छात्रा गुनगुन ने जूनियर वर्ग में प्राकृतिक खेती पर एवं तिलक विद्यालय इंटर कॉलेज के आयुष शर्मा ने सीनियर वर्ग में संसाधन प्रबंधन से सम्बंधित मॉडल निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किया। सभी निर्णायक मंडल ने बच्चों के मॉडलों की प्रशंसा करते हुए उनकी सराहना की।