फिरोजाबाद। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा का बाल एवं महिला सांस्कृतिक मेला नगर के एमजी बालिका इंटर काॅलेज के सभागार में आयोजित किया गया। जिसमें 60 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी कला का प्रदर्शन किया। वहीं सास्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में चार-चाॅद लगा दिए।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि नगर विधायक मनीष असीजा, काॅलेज प्रबंध समिति के मंडल सचिव अनूप चंद जैन एवं प्रबंधक अनिल उपाध्याय ने संयुक्त रूप माॅ सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के सम़़क्ष दीप प्रज्जवलन कर किया। इसके बाद कक्षा तीन से पांचवीं तक के छात्र-छात्राओं के बीच रंग भरो एवं चित्र कला प्रतियोगिता हुई। जिसमें 1200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कनिष्ठ वर्ग की चित्रकला में कक्षा छह से आठवीं तक के 500 छात्रों ने भगवान राम का चित्र बनाकर रंग भरकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। वरिष्ठ वर्ग में कक्षा नौंवी से लेकर 12वीं तक के दो सौ छात्र-छात्राओं ने अयोध्या मंदिर का चित्र बनाकर रंग भरा।
मेहंदी प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में 270, वरिष्ठ वर्ग में दो सौ छात्राओं ने भाग लिया। रंगोली प्रतियोगिता में 230 छात्राओं एवं महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप में बढ़ चढ़कर भाग लिया गया। सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में 36 टीमों ने भाग लेकर मनमोहक प्रस्तुति। निर्णायक मंडल ने सभी प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन मयंक जैन, राजकुमार जैन ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय पदाधिकारी केशव दत्त गुप्ता, प्रांतीय अध्यक्ष उमेश बंसल, महामंत्री हरीश सुनेजा, पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष संजीव जैन, अमित जैन, दिनेश अग्रवाल, सचिन मित्तल आदि मौजूद रहे।