फिरोजाबाद। चूडी श्रमिको की समस्याओं एवं श्रमिक नेता भूरी सिंह यादव रिहाई के संबंध में श्रमिक नेताओं ने उत्तर प्रदेश की राज्यापाल के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रशासनिक अधिकारी को सौपा।
श्रमिक नेता रामदास मानस ने कलैक्ट्रट पर प्रसाशनिक अधिकारी अजीत कुमार खन्ना को महामहिम राज्यपाल के नाम सौंपे ज्ञापन में कहा है कि सेवायोजकों द्वारा श्रमिकों का निरंतर शोषण किया जाता है। सेवायोजकों द्वारा कारखाना अधिनियम, वेतन भुगतान अधिनियम का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। श्रमिकों को उनकी मजदूरी का भुगतान डिजिटल माध्यम से नहीं किया जाता। जिस कारण श्रमिकों को कर्मचारी राज्य बीमा निगम, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की योजनाओं का लाभ श्रमिकों नहीं मिल पा रहा है।
प्रदेश सरकार के द्वारा श्रमिको के हित में श्रम कानूनों का पालन कराने के लिए सहायक निदेशक कारखाना, सहायक श्रम आयुक्त, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के कार्यालय खोल कर अधिकारीयो की तैनाती की गई है। लेकिन इन अधिकारियो के द्वारा श्रमिको के हितों में कार्य करने के बजाएं सेवाायोजनको का हित करने का कार्य किया जा रहा है।
श्रमिकों के आंदोलन को कुचलने के लिए क्रांतिकारी मजदूर संघ के मंत्री भूरी सिंह यादव को सहायक श्रम आयुक्त द्वारा मुकदमा लगाकर जेल भेजा गया है। श्रमिक नेता रामदास मानव ने राज्यपाल से उन्हे बिना शर्त रिहा किये जाने की मांग की है। इस दौरान धर्मसिंह यादव एडवोकेट, हाकिम सिंह निमोरिया मौजूद रहे।