-किसानों को ड्रोन से छिड़काव का दिया प्रशिक्षण
फिरोजाबाद। शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित सिविल लाइंस में दो दिवसीय अन्न महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों को मोटे अनाज के साथ ही ड्रोन के जरिए फसलों में की जाने वाली स्प्रे का प्रशिक्षण दिया गया। विभिन्न स्टाल के माध्यम से तकनीकि की जानकारी दी गई। आयोजन में क्षेत्र के किसानों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम रमेश रंजन, सीओ शत्रोहन वैश्य, उप कृषि निदेशक सतेंद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कृषि विभाग द्वारा विभिन्न स्टाल सजाकर प्रदर्शनी लगाई गई। जिसका किसानों ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी के जरिए अधिकारियों ने किसानों को तकनीकि के जरिए खेती करने का प्रशिक्षण दिया। ड्रोन के माध्यम से फसलों में दवा का छिड़काव करने और ड्रोन की उपयोगिता के बारे में बताया।
सीडीओ ने कहा कि ड्रोन के जरिए नेनो यूरिया सहित विभिन्न प्रकार का छिड़काव कम समय के अंदर किया जा सकता है। समय के साथ कृषि के क्षेत्र में भी तकनीकि बढ़ रही है। हम सभी को तकनीकि से जुड़कर फसलों की अधिक पैदावार को बढ़ाना है। हाइब्रिड खेती से दूरी बनाकर जैविक खेती करने और मोटा अनाज उगाने के लिए किसानों को प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
डीएम ने बताया कि इस कार्यक्रम का अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठा सकते हैं। कार्यक्रम में फिरोजाबाद ब्लाक प्रमुख डाॅ लक्ष्मी नारायण यादव के अलावा जिलास्तरीय अधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।