-बाजार से घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
फिरोजाबाद। बाजार से घर वापस लौट रहे बाइक सवार चार बच्चों के पिता को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक खेती कर परिवार का भरण पोषण करता था।
थाना खैरगढ़ क्षेत्र के गांव फरीदा बरौली निवासी 45 वर्षीय प्रवेश कुमार पुत्र राजवीर सिंह खेती करते थे। परिजनों ने बताया कि वह घर से बाजार जाने की कहकर निकले थे। उनके साथ गांव के ही अनिल कुमार भी थे, जो बाइक पर पीछे बैठे हुए थे। बाजार से घर आते समय उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज हुई कि बाइक सड़क से सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। जिसमें बाइक सवार प्रवेश की मौत हो गई जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक तीन बेटी और एक बेटे का पिता था। इंस्पेक्टर खैरगढ़ का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। टक्कर मारने वाले वाहन की भी जानकारी की जा रही है।