फिरोजाबाद। जिला मुख्यालय पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने मंगलवार को अपनी मांगों और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना दिया। उन्होंने बताया कि फरवरी माह में राकेश टिकैत की फिरोजाबाद में महापंचायत होगी। उन्होंने किसानों की समस्या को लेकर डीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष प्रेम अतुल ने बताया कि किसानों की विभिन्न समस्याएं हैं। जिनका निदान नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गन्ने का मूल्य उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में खर्च के अनुपात में 500 रुपए प्रति कुंतल घोषित किया जाए। गन्ना किसान वास्तविक लागत के लिए भटकते रहते हैं।
उन्होंने बताया कि महाकुंभ में किसान यूनियन की तरफ से शिविर लगाया जाता है जिसमें यहां से किसान हजारों की तादात में जाएंगे। शिविर के माध्यम से किसानों की समस्याओं का हल भी कराया जाता है। उन्होंने बताया कि नौ फरवरी को राकेश टिकैत की बड़ी महापंचायत फिरोजाबाद में होगी। जिसमें किसानों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उन्हें सरकार के सामने रखा जाएगा। जिससे किसानों की समस्या का समाधान हो सके। इस दौरान किसान नेताओं के साथ महिलाओं ने भी जमकर नारेबाजी की।