फिरोजाबाद। कांग्रेस के निवर्तमान जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी ने सिटी मजिस्ट्रेट के नाम संबोधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा है। जिसमें कहा है कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व स्मार्ट रोड के अंतर्गत सुभाष तिराहे पर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के समीप पुनर्निर्माण का कार्य नगर निगम द्वारा किया गया था। जनता की खून पसीने की कमाई से बने निर्माण को नगर निगम द्वारा ध्वस्त कराकर पुनः निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम पूरी तरह से घोटाले का केंद्र बन चुका है। इससे प्रतीत होता है कि नगर निगम द्वारा पूर्व में किसी भी प्रकार की योजना नहीं बनाई जाती। जिसका भर जनता के ऊपर टैक्स के रूप में पड़ रहा है और जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने सिटी मजिस्ट्रेट ने इन सभी बिंदुओं पर जांच करवाकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। अन्यथा कांग्रेस का कार्यकर्ता आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन देते वालों जिला उपाध्यक्ष कमलेश जैन छम्मु, जिला सचिव खजांची दिवाकर उपस्थित थे।