-कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजकुमार रावत ने भाजपा सरकार पर जमकर साधा निशाना
फिरोजाबाद। भाजपा सरकार में किसान, नौजवान तो परेशान है। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं के साथ कानून व्यवस्था खराब है। बिजली कंपनियों के निजीकरण करके जनता को परेशानी खड़ी करने का काम भाजपा कर रही है। 70 वर्ष में कांग्रेस ने जो देश को दिया भाजपा उसे बेचने का काम कर रही है। इसको लेकर 18 दिसंबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उक्त विचार कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजकुमार रावत ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पार्टी कार्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान व्यक्त किये।
उन्होंने कहा भाजपा सरकार में किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। फसलों की बुवाई को डीएपी नहीं मिल पा रही है। बाजारों में कालाबाजारी करके बिक्री की जा रही है वहीं किसान भटक रहे हैं। गन्ना किसानों को साथ हजार करोड़ रुपये बकाया है। युवा भटकने को मजबूर हैं उन्हें रोजगार नहीं मिला पा रहा है। शिक्षकों की भर्ती हो या फिर पुलिस की भर्ती सभी के पेपर लीक कराने का खेल खेला जा रहा है।
प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। पीएचसी एवं सीएचसी पर न तो चिकित्सक हैं और न ही दवाएं ही उपलब्ध है। गरीब तबके के लोग भटकने को मजबूर हैं। बिजली कंपनियों के निजीकरण करके एक नई समस्या को जन्म देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगरा एवं ग्रेटर नोएडा में बिजली का निजीकरण पूरी तरह से फेल हो गया है। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। भाजपा सरकार सिर्फ जनता लूटने का काम कर रही है। कांग्रेस ने इन्हीं मुद्दों को लेकर 18 दिसंबर को विधान सभा घेराव करने का निर्णय लिया है।
इस दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष हाजी साजिद बेग, प्रदेश सचिव प्रकाश निधि गर्ग, शफात खान राजू, हाजी नसीर अहमद, गुलाम जीलानी, सतीशचंद्र अग्रवाल, नुरुलहुदा लाला राइन, वकार खालिक, मनोज भटेले, चांद कुरैशी, मुकेश गौड़ आदि मौजूद रहे।