-मायका पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, ससुरालीजन फरार
फिरोजाबाद। थाना नारखी क्षेत्र में एक विवाहिता का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। मौके पर पहुंचे मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका की साढे चार साल पहले शादी हुई थी और अभी तक कोई भी संतान नहीं थी। ससुरालीजन मौके से फरार हो गए हैं।
पूरा मामला थाना नारखी क्षेत्र के गांव छतरपुर की ठार जसरथपुर का है। यहां पर रहने वाली 26 वर्षीय भूरी देवी पत्नी अमन का शव रविवार रात्रि घर के अंदर ही फंदे पर लटका हुआ मिला। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और मायका पक्ष को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं मायका पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
गांव दौलतपुर से पहुंचे मायका पक्ष ने पुलिस को बताया कि भूरी देवी की शादी 4 साल पहले अमन के साथ हुई थी। उसके कोई भी संतान नहीं थी। जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन कहासुनी भी हुआ करती थी। घटना के बाद से ही ससुरालीजन घर से फरार हैं।
इंस्पेक्टर नारखी का कहना है विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। घटना को लेकर जानकारी की जा रही है। ससुरालीजन अभी फरार हैं। उनकी भी तलाश की जा रही है।