फिरोजाबाद। थाना नगला सिंघी क्षेत्र में एक विवाहिता का शव कमरे के अंदर फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी पर पहुंचे मायका पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव गढ़ी भाऊ निवासी 23 वर्षीय विवाहिता प्रियंका पत्नी भूपेंद्र का शव रविवार देर रात उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। उसकी शादी 14 महीने पहले हुई थी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
सोमवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मायका पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने और शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। ससुरालीजन मौके से फरार हो गए हैं। मायका पक्ष ने बताया कि मृतका के 13 महीने का एक बेटा है। ससुरालीजन दहेज में बुलट मोटरसाइकिल और कभी अन्य सामान की डिमांड करते हुए उसे परेशान करते थे।
थानाध्यक्ष शिव कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।