फिरोजाबाद: विद्युत विभाग ने 1100 रू. के बकायेदार पर विधवा महिला का उखाड़ा मीटर

-बेहोश हुई महिला, आगरा रेफर, उपचार के दौरान मौत
फिरोजाबाद। विद्युत विभाग लक्ष्य की पूर्ति करने के लिए अब लोगों की जान से खेलने लगे है। 1100 रू के बकाएदार पर विधवा महिला का जबरन मीटर उखाड़ लिया। महिला ने गिड़गिड़ाते हुए मीटर न उखाडने की गुहार लगाई, लेकिन बिजली कर्मचारियों का दिल नहीं पसीजा, महिला बेहोश होकर गिर पडी। आगरा में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी होने पर नगर विधायक मनीष असीजा मौके पर पहुंच गये और परिजनों से जानकारी हासिल की।
थाना उत्तर के नगला करनसिंह निवासी प्रेमलता के पति सोनेलाल की काफी पूर्व मौत हो चुकी है। चूड़ी जुड़ाई कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। शनिवार को पुरुषोत्तम बिहार बिजली फीडर से कुछ कर्मचारी उनके घर पहुंचे थे। दो से ढाई महीने का बिल करीब 1100 रुपये बकाया थे। जिसे जमा कराने के लिए के लिए कहा तभी महिला ने विद्युत कर्मियों से कुछ दिन समय मांगा। काफी देर तक महिला गिड़गिड़ाती रही, लेकिन कर्मचारी अपनी जिद पर अड़े हुए थे। कर्मचारियों ने महिला की बात न सुनते हुए मकान से मीटर उखाड़ा और अपने साथ ले गए। महिला बिलखते-बिलखते अचेत होकर जमीन पर गिर गई। महिला को सरकारी ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
वही एक्सईएन आरपी वर्मा का कहना है कि महिला के घर पर लगे मीटर का बिल जमा नहीं किया गया था। विगत 9 महीने से उस मीटर से बिजली की आपूर्ति नहीं हो रही थी। इस कंडीशन में आज बिजली विभाग की टीम मीटर उखाड़ने के लिए गई थी। महिला बीमार थी, इसलिए उसकी मौत हुई है।