फिरोजाबाद। पेयजल समस्या से परेशान होकर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर छह की महिला पार्षद मुहल्लेवासियों के साथ मिलकर जलकल कार्यालय पर ही धरने पर बैठ गईं। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाया है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद उन्होंने धरना समाप्त कर दिया।
वार्ड नंबर छह की पार्षद ऊषा शंखवार गुरुवार को मुहल्ले की महिलाओं को साथ लेकर जलकल कार्यालय पहुंच गईं। जहां उन्होंने नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि उनके वार्ड में नलकूप की मंजूरी हुई थी, जो अभी तक नहीं लग सका है। उनके वार्ड के स्थान पर वार्ड नंबर 45 में नलकूप लगाया जा रहा है। नलकूप की मांग को लेकर वह विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी के बीच जलकल कार्यालय के कर्मचारी भी मौके पर आ गए।
महिला पार्षद ने कहा कि जब तक उनके वार्ड में पानी की समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो वह और उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगी। अधिकारियों द्वारा उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जा रहा हैं। धरने पर बैठीं पार्षद के लिए पहुंचे जलकल विभाग के अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद पार्षद ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।