फिरोजाबाद। थाना सिरसागंज क्षेत्र में एक व्यक्ति की ईंट मारकर हत्या कर दी गई। वह 3 साल से अपने परिचित के यहां रह रहा था। वहीं, परिचित के रिश्तेदार से उसकी कुछ कहा सुनी हो गई थी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पूरा मामला थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव एलमपुर का है। मूल रूप से गांव सांती निवासी विनोद कुमार विगत 3 साल से एलमपुर में अपने परिचित नाथूराम के यहां रह रहा था। नाथूराम के बड़े बेटे का साढू उनके घर पर आया हुआ था। शुक्रवार रात्रि साढू और विनोद के बीच किसी बात को लेकर कहा सुनी हुई और उसके बाद उन दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसी बीच साढू ने पास में पड़ी हुई ईंट उठाकर विनोद के सिर में मार दी।
आरोपी ने विनोद की ईंट मारकर हत्या कर दी। घटना से परिवार में हड़कंप मच गया। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस घटना की जानकारी पर एसपी ग्रामीण अखिलेश भदोरिया मौके पर पहुंचे और घटना का मौका मुआयना किया।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद ईंट मारकर साढू ने विनोद की हत्या कर दी।