-फिरोजाबाद के युवक ने हैदराबाद में पत्नी और बेटे की हत्या करने के बाद स्वयं भी कर ली थी आत्महत्या
फिरोजाबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के बेगम बाजार इलाके में रहने वाले फिरोजाबाद के युवक ने पत्नी और बेटे की हत्या करने के बाद स्वयं भी आत्महत्या कर ली। एक साथ तीन मौत होने से सुहागनगरी गमगीन हो गई। इस हत्याकांड के पीछे पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।
थाना दक्षिण फिरोजाबाद के मोहल्ला गढ़ैया निवासी 41 वर्षीय सिराज पिछले छह साल से हैदराबाद के बेगम बाजार में 35 वर्षीय पत्नी एलिया और दो बेटों के साथ रहता था। बताया जाता है कि पारिवारिक विवाद के चलते उसने हैदराबाद में ही गुरुवार रात पत्नी और छोटे बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद घर के अंदर ही पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। वहां सिराज के शव के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था। जिसमें सिराज ने अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह किया है। जिसके चलते उसने हत्या की बात स्वीकारी है।
उसने खेद व्यक्त करते हुए अपने माता-पिता से माफी मांगी है। इस घटना की जानकारी फिरोजाबाद परिजनों को हुई तो परिवार में कोहराम मच गया। शव लेने के लिए परिजन शुक्रवार को ही रवाना हो गए थे। शनिवार आज देर शाम तक तीनों के शव आने की संभावना है। हालांकि शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए आसपास के लोग मृतक के घर पर पहुंचने लगे हैं।