फिरोजाबाद। शहर के पीडी जैन इंटर कॉलेज के मैदान पर शनिवार को सात दिवसीय फिरोजाबाद महोत्सव का शुभारंभ हो गया। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने फीता काटकर इसका विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने महाकुंभ में की गई व्यवस्थाओं का भी बखान किया।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह देर शाम फिरोजाबाद महोत्सव का शुभारंभ करने के लिए पहुंचे। जहां उन्होंने फीता काटकर भगवान श्री राम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उसके बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए। महाकुंभ में मची भगदड़ में कई लोगों की जान जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि महाकुंभ में जो भी घटना घटी, उसके लिए सरकार द्वारा जो भी हो सकता था, वह किया गया। महाकुंभ में व्यवस्थाओं को और बेहतर किया गया है।
वही, भगदड़ की घटना के दौरान छुपाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ भी छुपाया नहीं गया है। बल्कि इस घटना के लिए जांच कमेटी भी बनाई गई है। फिरोजाबाद महोत्सव में 7 दिनों तक लगातार विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। शुभारंभ के अवसर पर विधायक टूंडला प्रेमपाल सिंह धनगर, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह सहित आदि उपस्थित रहे।