फिरोजाबाद। गर्भवती महिला की प्रसव के उपरांत अस्पताल में मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए परिजनों ने हंगामा कर दिया। वहीं, शिकायत पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया है। घटना के बाद से ही डॉक्टर और स्टाफ मौके से फरार हैं।
पूरा मामला थाना रामगढ़ क्षेत्र के बंबा बाईपास स्थित आकाश हॉस्पीटल का है। जहां पर एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन द्वारा आकाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि वह बिल्कुल सही सलामत अस्पताल में आई थी। जहां परिवार के सभी लोगों के साथ बैठकर उसने बातचीत की और नाश्ता भी किया था। उसके उपरांत पता नहीं क्या हुआ कि खून बह जाने के चलते उसकी हालत बिगड़ गई।
स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल कर्मचारियों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। आगरा में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर वापस आकाश अस्पताल पहुंच गए। जहां उन्होंने हंगामा कर दिया। हंगामा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम भी आ गई। टीम ने अस्पताल को सील कर दिया है। वहीं, अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी मौके से फरार हो गए हैं।