फिरोजाबाद। कैंटीन पर काम करने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
थाना जसराना क्षेत्र के गांव खड़ीत निवासी 24 वर्षीय अभिषेक पुत्र राकेश शिकोहाबाद में शिव केटर्स के संचालक राज यादव के यहां काम करता था। वह यहां किराए पर रहता था। बुधवार को उसने अज्ञात कारणों के चलते अपने किराए के मकान में लगे अमरुद के पेड़ पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मकान स्वामी को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर उसकी तलाशी ली, जिसमें उसकी जेब से एक पत्र बरामद हुआ है। वह पत्र किसी लड़की का है। जिसमें लिखा है कि वह इंटरव्यू देने नोएडा जा रही है। वापस लौटकर आऊंगी। पुलिस युवती की भी जानकारी कर रही है। मामला प्रेम प्रसंग का भी प्रतीत हो रहा है।
इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार का कहना है कि युवक की जेब से एक किसी महिला का लेटर मिला है। उस लेटर की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।