फिरोजाबाद। गुरुग्राम में प्राइवेट नौकरी करने वाले युवक ने मकान की छत पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी से परिवार में कोहराम मच गया। वह दो महीने पहले ही घर आया था। मृतक दो बच्चों का पिता था। घटना को लेकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना खैरगढ़ क्षेत्र के गांव नगला हिम्मत निवासी 26 वर्षीय भानु प्रताप पुत्र संजीव कुमार गुरुग्राम हरियाणा में प्राइवेट नौकरी करता था। वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। जिसकी वजह से दो महीने पहले वह इलाज कराने के लिए गुरुग्राम से अपने गांव आ गया था। परिजनों ने बताया कि सोमवार देर रात परिवार के सभी लोग घर में सोए हुए थे। उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे भी सो रहे थे। उसी समय वह उठकर छत पर चला गया जहां उसने फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मंगलवार सुबह जागने पर हुई। परिजनों ने बताया कि उसका इलाज भी चल रहा था। युवक की मौत के बाद परिवार में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक का एक बच्चा एक महीना और दूसरा डेढ़ साल का है। इंस्पेक्टर खैरगढ़ का कहना है कि आत्महत्या की वजह मानसिक बीमारी बताई जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।