फिरोजाबाद: युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

-पत्नी और मां ने एक दूसरे पर लगाया हत्या का आरोप
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र के नगला मिर्जा बड़ा निवासी युवक की घर पर संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सोमवार को वह पलंग पर मृत मिला। उसकी मां और दूसरे स्थान पर अपने बच्चों के साथ रहने वाली पत्नी ने एक-दूसरे पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। बिसरा प्रिजर्व किया गया है।
30 वर्षीय जीतू कुमार की पत्नी सरिता सैलई क्षेत्र में तीनों बच्चों के साथ कई वर्ष से अलग रहती है। उसका अपने ससुरालीजन से प्लाट को लेकर विवाद चल रहा है। जीतू की मां चंद्रवती ने बताया कि उन्होंने 10 वर्ष पहले सांती रोड पर 1800 फुट का प्लाट अपने नाम खरीदा था। सरिता के दबाव में उन्होंने प्लाट का आधा हिस्सा 10 लाख रुपये में बेच कर सैलई में घर खरीदा था। इस घर में उनकी बहू अपने बच्चों के साथ रहती है। वहीं, जीतू उनके साथ ही रहता था।
चंद्रवती का कहना है कि बहू ने दो दिन पहले देर शाम जीतू को सैलई स्थित घर पर बुलाया था। तभी से उसकी तबियत खराब चल रही थी। मां ने बहू पर बेटे को कुछ विषाक्त पदार्थ खिलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। वहीं, सरिता ने अपनी सास और दोनों ननद आदि पर पति की हत्या करने की शिकायत वोमेन हेल्प लाइन 1090 पर की।
घटना की जानकारी पर थाना रामगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच की। इंस्पेक्टर संजीव कुमार दुबे ने बताया कि किसी पक्ष ने शिकायती पत्र नहीं दिया है। केवल मौखिक शिकायत की है। लिखित शिकायत प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।