शिकोहाबाद: ऑटो सवार महिला के बैग से आभूषण चोरी

शिकोहाबाद। नगर में चोरी की और टप्पेबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस अभी तक पूर्व में हुई चोरी, लूट और हत्या का खुलासा नहीं कर सकी है। बृहस्पतिवार को एक आटो सवार महिला के पर्स से आभूषण चोरी कर महिला तहसील तिराहे पर उतर कर फरार हो गई। जब महिला सुभाष तिराहे पर आटो से उतरी तो बैग की चेन खुली देख कर हैरान रह गई। घटना की जानकारी पीड़ित महिला ने थाने पर जाकर पुलिस को दी।
बृहस्पतिवार को मथुरा के थाना फरह निवासी ओमलता पत्नी दीन दयाल अपने बच्चों के साथ भतीजी की शादी में भाग लेने अपने मायके चैरई आई थी। बृहस्पतिवार को उसका भाई सतेंद्र उसे स्टेशन पर ऑटो में बैठा कर बाजार चला गया। महिला के साथ स्टेशन से ही एक अन्य महिला आटो में बैठी। पीड़िता का आरोप है कि रास्ते में महिला ने उसके बैग की चेन खोल कर उसमें रखी एक डिब्बी जिसमें सोने के आभूषण रखे थे, चोरी कर तहसील तिराहे पर उतर गई। जब वह सुभाष तिराहे पर आगरा जाने के लिए आटो से उतरी तो उसने बैग की चैन खुली देखी। संदेह होने पर उसने बैग को चेक किया तो उसमें आभूषणों से भरी एक डिब्बी गायब थी।
जानकारी होते ही महिला के होश उड़ गये। उसने सुभाष तिराहे पर मौजूद पुलिस कर्मी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने फोन से भाई को अपने साथ हुई घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे पीड़िता के भाई सतेंद्र उसे लेकर थाने पहुंचा और पुलिस को बैग से आभूषण चोरी की सूचना दी। महिला ने बताया कि उसके बैग में दो डिब्बी थीं। जिसमें एक में एक जंजीर, तीन अंगूठी और कानों की बिजली रखी थी। जबकि दूसरी डिब्बी में गले का हार, चूड़ी व अन्य सामान था। लेकिन महिला के हाथ केवल छोटी डिब्बी ही लगी। अगर दूसरी डिब्बी भी ले जाती तो महिला को लाखों का नुकसान होता। इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी हुई है। मामले की जांच की जा रही है।