फिरोजाबाद: एप्रूव्ड कॉलोनी में अवैध फैक्ट्रियों का स्थानीय लोगों ने किया विरोध

-विकास प्राधिकरण से अवैध फैक्ट्री को हटाने की मांग
फिरोजाबाद। हिमायूंपुर स्थित शांति पुरम आवासीय कॉलोनी में संचालित फैक्ट्रियों को लेकर स्थानीय निवासियों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने विकास प्राधिकरण से इन फैक्ट्रियों को तत्काल हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इन फैक्ट्रियों के संचालन से मुहल्लेवासियों को परेशानी हो रही है।
नगर की एप्रूव्ड आवासीय कॉलोनी शांति पुरम सीएल जैन डिग्री कालेज के बराबर, महावीर वाटिका के पीछे में त्रिपुति बालाजी ग्लास इंडस्ट्री और एसपी क्रिस्टल गिलास इंस्डट्रीज नामक फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ये फैक्ट्रियां भारी वाहनों से लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान घंटों रास्ता रोकती हैं, जिससे कॉलोनीवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, इन फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है।
लोगों का आरोप है कि त्रिपुति बालाजी ग्लास इंडस्ट्री कॉलोनी के अंदर एक नई फैक्ट्री का निर्माण कर रही है, जो पूरी तरह अवैध है। निवासियों का कहना है कि यह निर्माण न केवल शासन-प्रशासन के नियमों का उल्लंघन है, बल्कि भविष्य में जान-माल के लिए भी खतरा बन सकता है। स्थानीय लोगो का कहना है एक एप्रूव्ड आवासीय कॉलोनी है, लेकिन यहां फैक्ट्रियां लगाई जा रही हैं।
इनसे प्रदूषण तो होता ही है, साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही से सुरक्षा भी खतरे में है। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि इन अवैध फैक्ट्रियों को तुरंत हटाया जाए। स्थानीय लोगों ने फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण से जल्द से जल्द कार्रवाई करने और अवैध फैक्ट्रियों को हटाने की मांग की है।