फिरोजाबाद। बुधवार को हुई भारतीय किसान यूनियन भानु की बैठक में पदाधिकारियों को संगठन के विरुद्ध भड़काने और बिना सूचना दिए बैठक बुलाने के मामले में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राष्ट्रीय सचिव समेत तीन पदाधिकारियों को निष्कासित कर दिया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने जारी की प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया है कि बुधवार को जानकारी दिए बिना ही राष्ट्रीय सचिव जीतकमल सोलंकी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री कौशल किशोर उपाध्याय, प्रदेश महासचिव संजय शर्मा द्वारा बैठक बुलाई गई। जिसमें पदाधिकारियों को संगठन के खिलाफ बगावत और भड़काने का प्रयास किया गया। संगठन की छवि धूमिल करने के कारण तीनों पदाधिकारियों को संगठन से निष्कासित कर दिया गया है। अब इनका संगठन से कोई लेना देना नहीं है।
उन्होंने कहा कि संगठन में फूट डालने वाले और पदाधिकारियों को भड़काने वाले इस संगठन में नहीं रहेंगे। यदि किसी पदाधिकारी की कोई शिकायत है तो इसकी जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष या प्रदेश अध्यक्ष को दें जिससे उनकी समस्या को सुनकर उनका निराकरण कराया जा सके, लेकिन बिना किसी को बताए ही संगठन की बैठक बुलाने और पदाधिकारियों को भड़काने वाले अब इस संगठन के साथ आगे काम नहीं कर पाएंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कहा है कि संगठन को मजबूत बनाने का काम करें।