– नगर निगम पहुंची महिलाओं ने नगर आयुक्त को सौंपा शिकायती पत्र
फिरोजाबाद। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 29 न्यू आबादी प्रकाश नगर की महिलाओं ने सोमवार को कड़कड़ाती ठंड में नगर निगम कार्यालय पहुंचकर हंगामा और विरोध जताया। महिलाओं का कहना है कि कुछ लोग श्मशान घाट का दूसरा गेट उनकी कालोनी की ओर निकाल रहे हैं। जिससे उनका पूरा मुहल्ला परेशान हैं। उन्होंने नगर आयुक्त को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
दोपहर एक बजे न्यू प्रकाश नगर की महिलाएं एकजुट होकर नगर निगम कार्यालय पहुंच गई। जहां महिलाओं ने हंगामा करते हुए बताया कि वार्ड नंबर 29 न्यू आबादी प्रकाश नगर के पीछे एक श्मशान घाट है। उसका गेट पहले से ही बना हुआ है। टापा खुर्द के लोग सरकारी दीवाल तोड़कर दूसरा गेट निकाल रहे हैं। इस दूसरे गेट से उनकी कालोनी के लोग परेशान हैं। मना करने पर टापा कला के लोग झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि जिस सरकारी दीवाल को तोड़कर गेट निकाला जा रहा है। वह दीवाल नगर निगम की है। मुहल्ले के गौरव राठौर ने बताया कि श्मशान घाट का एक गेट पहले से है तो दूसरे गेट की जरूरत क्या है। दूसरा गेट लगाने पर उसका विरोध हो रहा है। नगर निगम को इस कार्य को रोकना चाहिए। वार्ड की महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि दूसरे गेट को बनने से नहीं रोका गया तो वह आंदोलन के लिए विवश होंगी।
हंगामा करने वालों में रेखा, राखी देवी, कुसुमलता, अनीता, धारा देवी, सुनीता, सुमन, ममता, मीना, प्रीती, गीता, मनीषा, शशि, रजनी, नीलम, धारा देवी आदि हैं।