शिकोहाबाद: भांडरी में ग्रामीण और चोरों के बीच हुई फायरिंग से फैली दहशत
-एसपी ग्रामीण, सीओ, शिकोहाबाद और सिरसागंज का फोर्स पहुंचा
-पुलिस ने खेतों में बदमाशों की तलाशी के लिए रात में कांबिंग
शिकोहाबाद। बुधवार की रात दस बजे के करीब भांडरी गांव में चोरों की दहशत से गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने शोरगुल के साथ फायरिंग भी कर दी। चोरों द्वारा गांव को घेरने की सूचना पुलिस प्रशासन को मिली तो प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। एसपी ग्रामीण, सीओ, प्रभारी निरीक्षक शिकोहाबाद और सिरसागंज फोर्स के साथ गांव पहुंच गए और चोरों की तलाश में मक्का के खेतों में कांबिंग की गई। जिससे कई खेतों में मक्का की फसल भी प्रभावित हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार बुधवार रात आठ बजे के करीब गांव का ही एक दस वर्षीय बालक गांव में स्थित अस्पताल के पास खेल रहा था। तभी बालक चीखने लगा। बालक का शोरगुल सुन कर ग्रामीण दौड़,े तो बालक ने कुछ चोरों के बारे में बताया। इसके बाद मामला शांत हो गया। इसके बाद रात दस बजे के करीब ग्रामीणों को एक खेत में कुछ लोग खड़े दिखाई से दिए। इस पर ग्रामीणों ने शोरगुल शुरू कर दिया और चोर-चोर की आबाज लगा दी। जिससे ग्रामीण बड़ी संख्या में हाथ में लाठी, डंडा और लाइसेंसी हथियार लेकर दौड़ पड़े। बताया जाता है कि इसी दौरान ग्रामीणों ने अपने लाइसेंसी हथियार से दो फायर कर दिये। इसी दौरान किसी ने पुलिस प्रशासन को गांव में बदमाशों के आने की सूचना दे दी।
जानकारी होते ही एसपी ग्रामीण डॉ अखिलेश भदौरिया, सीओ प्रवीन कुमार, प्रभारी निरीक्षक शिकोहाबाद प्रदीप कुमार और प्रभारी निरीक्षक सिरसागंज फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ बदमाशों की तलाश में खेतों में खड़ी मक्का की फसल में कांबिंग भी की। लेकिन कहीं कोई दिखाई नहीं दिया। इसके बाद थाना पुलिस वापस लौट आई। इस घटना को लेकर गुरुवार को गांव में पूरे दिन चर्चाएं चलती रहीं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि कुछ ग्रामीणों के संदेह होने पर उन्होंने शोर मचा दिया था। इसी दौरान ग्रामीणों ने फायर भी करने की बात कही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।