शिकोहावाद: नकली जेबर देकर असली सोने के जेबर लेकर महिला हुई चंपत

शिकोहावाद। नगर में सोने-चांदी का काम करने वालों को महिलाएं खूब ठग रही हैं। एसा ही एक मामला सामने आया है। एक महिला ने एक सुनार को असली सोने के कुछ आभूषण दिखाए और सोने की चूड़ी खरीदने की बात कही। इस पर सुनार ने सोने की चूड़ी लाकर महिला को दिखाई। इसके बाद महिला ने नकली आभूषणों की पोटली सुनार को थमा दी और बोली अभी घर दिखा कर वापस आती हूं। सुनार महिला की बातों में आ गया और महिला असली सोने की चूड़ी लेकर चंपत हो गई। पीड़ित सुनार ने थाने में तहरीर दी है।
मामला नगर के एटा चैराहे के पास का है। यहां दोपहर साढ़े तीन बजे एक सुनार अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। तभी एक अधेड महिला ने असली जेवर दिखाकर सुनार से सोने की चार चूड़ी देने की बात कही। सुनार ने असली जेबर देखे और फिर महिला को वापस कर दिए। उसने दूसरी दुकान से चूड़ी मंगाई और महिला को देदीं। महिला ने चालाकी से उसके पास रखी नकली जेबरों की पोटली को सुनार को दे दिया और चूड़ी घर पर दिखा कर आने की कहा।
जब महिला काफी देर तक नहीं आई तो सुनार को संदेह हुआ। उसने पोटली खोल कर देखी तो वह हैरान रह गया। जो महिला ने आभूषण दिखाए थे,वह तो उसमें नहीं थे। अपने को ठगा महसूस किया। इसके बाद सुनार ने महिला की तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इस सम्बन्ध मे सुनार ने थाने में तहरीर दी है। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार का कहना है कि एक मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जायेगी।