फिरोजाबाद: यमुना में किशोरी ने लगाई छलांग, परिजन तलाश में जुटे

फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में एक किशोरी ने अज्ञात कारणों के चलते यमुना में छलांग लगा दी। उसका कहीं कोई अता पता नहीं चल सका है। परिजन यमुना किनारे उसकी तलाश कर रहे हैं। परिजनों ने पुलिस से भी तलाश करने की गुहार लगाई है लेकिन अभी तक गोताखोर मौके पर नहीं पहुंचे हैं।
थाना बसई मुहम्मदपुर क्षेत्र के नगला दया निवासी सुनील वर्मा की 12 वर्षीय पुत्री रीना वर्मा रविवार की शाम बिना बताए घर से चली आई थी। उसने गांव शंकरपुर पुल के पास थाना बाई मुहम्मदपुर क्षेत्र में अज्ञात कारणों के चलते यमुना में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उसकी तलाश करते हुए यमुना किनारे पहुंच गए। जहां उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन करने के बाद भी उनकी बेटी का पता नहीं चल सका है।
परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी बिना बताए घर से निकल आई थी। पुलिस में शिकायत करने के बाद भी गोताखोर मौके पर नहीं पहुंचे हैं। कम से कम उनकी बेटी का शव तो बरामद हो। यमुना किनारे उन्होंने तलाश कर ली है, लेकिन उसका पता नहीं चल पा रहा है। बेटी की तलाश करके वह परेशान हो चुके हैं लेकिन अभी तक उनकी मदद के लिए कोई भी नहीं आया है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से भी मामले की शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि पुलिस ने मौके पर जाकर किशोरी की तलाश की है। अभी तक उसका पता नहीं चल सका है।