फिरोजाबाद। रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में भाग लेने के लिए जा रहे दो मौसेरे भाइयों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें दोनों की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना टूंडला क्षेत्र के गांव जरौली कलां के पास सोमवार रात फिरोजाबाद की तरफ जा रही बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार 45 वर्षीय विशंभर निवासी गांव खोदुआ थाना बल्देव मथुरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 37 वर्षीय जयपाल निवासी गांव गढ़ी सहजा थाना बरहन आगरा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस आगरा उपचार के लिए लेकर जा रही थी, जहां रास्ते में उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
मृतक दोनों मौसरे भाई हैं। वे आज रिश्तेदारी में होने वाले शादी समारोह में शामिल होने फिरोजाबाद जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। शादी वाले घर में भी मातम छा गया।
इंस्पेक्टर अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई है। तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।