-शबद कीर्तन में सम्मिलित होकर लिया धर्मलाभ
फिरोजाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में सभी स्वयंसेवक बंधु आज नगर के एमजी रोड स्थित गुरुद्वारा पर शबद कीर्तन में सम्मिलित हुए और सिक्ख समाज के सभी बंधुओं की प्रकाशोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की।
नगर के गुरुद्वारा में गुरु गोविंद सिंह की जयंती के स्वर्णिम अवसर पर शबद कीर्तन का आयोजन चल रहा है। इसी परिपेक्ष में सभी स्वयंसेवक बंधु गुरुद्वारा एकत्रित हुए और वहां उपस्थित सिख समाज के लोगों को इस प्रकाश उत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दी। शब्द कीर्तन में सम्मिलित होकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर महानगर प्रचारक शेखर ने कहा कि सिख धर्म के 10वें और अंतिम गुरु गुरु गोविंद सिंह की जयंती हर साल पौष माह के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि पर मनाई जाती है। गुरु गोबिंद सिंह शौर्य और साहस के प्रतीक रहे हैं। खालसा पंथ की स्थापना गुरु गोबिंद सिंह ने ही की थी। उन्होंने कभी धर्म को झुकने नहीं दिया और अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। हम सभी को उनके बताए गए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।
महानगर संघचालक प्रदीप, महानगर प्रचारक शेखर, महानगर सह कार्यवाह अभिषेक, महानगर प्रचार प्रमुख ललित, महानगर सेवा प्रमुख सत्यम, संजय, सत्यवीर, आकाश सहित अन्य स्वयंसेवक बंधु उपस्थित रहे।