-सड़क, नाली और खरंजा न होने से हो रहा जलभराव, समस्या को लेकर किया विरोध प्रदर्शन
फिरोजाबाद। वार्ड नंबर 62 के मोहल्ला अम्बे नगर 20 फुटा रोड में सड़क, नाली, खरंजा न होने के कारण क्षेत्र में जलभराव एवं गंदगी का अंबार है। उक्त समस्या को लेकर मुहल्लेवासी सोमवार को नगर निगम परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। सपा नेताओं ने भी इस धरने का समर्थन किया।
मुहल्लेवासियों के साथ सपा के राष्ट्रीय सचिव सतेन्द्र जैन सौली नगर निगम पहुंचे। जहां मुहल्लेवासियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। मुहल्लेवासियों का कहना है कि वार्ड नंबर 62 मोहल्ला अम्बे नगर 20 फुटा रोड में न तो सड़क बनी है और न नाली और खरंजा ही। इसकी वजह से मुहल्लेवाी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं। गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। जिसकी वजह से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। अक्टूबर 2022 में नगर निगम के अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए लिखित में आश्वासन दिया था। बावजूद इसके समस्या जस की तस बनी हुई है।
सपा नेता ने मंडलायुक्त आगरा को शिकायती पत्र भेजा है। इसके साथ ही डीएम और नगर निगम के अधिकारियों को भी शिकायती पत्र सौंपा गया है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि मोहल्ला अम्बे नगर क्षेत्र में भोगीराम से बहाबुददीन के मकान तक मुख्य गली में नाली व इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य 35,61,645 रुपये एवं गली नंबर 7 व 8 में नाली व इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के कार्य के लिए 16,00,160 रुपये का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। महापौर की बैठक में इसे स्वीकृत कर काम शुरू करा दिया जाएगा।