-भाजपा महानगर अध्यक्ष पद के नामांकन के लिए रही दावेदारों की भीड़
फिरोजाबाद। भाजपा में मटसेना मंडल अध्यक्ष पद को लेकर बाहरी युवक को कमान दिए जाने को लेकर विरोध के स्वर कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। मटसेना मंडल भाजपा के पदाधिकारियों ने भाजपा कार्यालय पर पहुंचकर बुधवार को जमकर हंगामा किया। नारेबाजी करते हुए बाहरी मंडल अध्यक्ष को हटाने की मांग की है। इससे भाजपा नेताओं में हड़कंप मच गया। महानगर अध्यक्ष की दावेदारी परखने आए बड़े नेताओं ने जब हाईकमान तक बात पहुंचाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तब लोग माने।
जिले के मटसेना मंडल में अध्यक्ष पद के चयन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है। पहले दिन ही आसफाबाद चैराहे पर हंगामा किया था। इसके अलावा लगातार जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी को लेकर असंतोष देखने को मिल रहा है। मटसेना मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस विवाद को लेकर पार्टी कार्यालय पर बुधवार को धरना दिया। धरना देने वाले कार्यकर्ताओं का कहना था कि मटसेना मंडल का अध्यक्ष पद किसी स्थानीय कार्यकर्ता को दिया जाना चाहिए था, लेकिन यह पद दक्षिण मंडल के निवासी भारत सिंह को सौंप दिया है।
इससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी बात को पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा और उचित समाधान निकाला जाएगा। वहीं भाजपा जिला कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किये गये। जिसको लेकर भाजपा कार्यालय पर गहमा-गहमी का माहौल बना रहा।