फिरोजाबाद: कुंभ स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पलटी, एक वृद्ध महिला की मौत, 14 घायल

फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र में कुंभ स्नान कर लौटते श्रद्धालुओं की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक वृद्ध महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 14 श्रद्धालु घायल हुए हैं। यह सभी महाकुंभ से मथुरा वापस लौट रहे थे।
थाना रामगढ क्षेत्र स्थित सांती पुल और ममता डिग्री कॉलेज के बीच कुंभ स्नान कर लौटते श्रद्धालुओं की प्राइवेट बस खाई में पलट गई। घटना में 68 वर्षीय शांती देवी निवासी पृथ्वी वाली कालोनी थाना गोविंद नगर मथुरा की मृत्यु हो गई और 14 लोग घायल हो गए। ये सभी लोग मथुरा के निवासी हैं। कुंभ स्नान कर घर लौट रहे थे। घटना की वजह बस चालक को झपकी बताई गई है।
घटना देर रात्रि करीब 2 बजे के आसपास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इंस्पेक्टर थाना रामगढ़ का कहना है कि संभावित यह घटना चालक को झपकी आने की वजह से हुई है। इस हादसे में एक वृद्ध महिला की मौत हुई है।