शिकोहाबाद: हादसे में बाइक सवार महिला की मृत्यु
शिकोहाबाद। बुधवार को डेढ़ बजे के करीब आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के 50.500 माइल स्टोन के समय लखनऊ की तरफ से आ रही मोटर साइकिल को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे मोटर सािकिल अनियंत्रित होकर साइड वाले डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक पर बैठी महिला की मृत्यु हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया।
थाना किशनी क्षेत्र के गांव कानुहपुर निवासी सुमन (45) पत्नी सर्वेश अपने पुत्र अंकित के साथ मैनपुरी से आगरा की तरफ आ रही थी। जब बाइक नसीरपुर थाना क्षेत्र अंतगर्त माइल स्टोन 50.500 पर पहुंची, तभी तेज गति से पीछे से आ रहे वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर साइड वाले डिबाइडर से टकरा गई। जिससे बाइक पर बैठी महिला सुमन सड़क पर गिर पड़ीं और उनके गंभीर चोट आई। वहीं उनका बेटा भी घायल हो गया।
हादसे की जानकारी होते ही नसीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। जबकि उनका बेटा अंकित के भी चोटे आई हैं। हादसे की जानकारी होते ही मृतका के परिवार में कोहराम मच गया।