फिरोजाबाद: करंट लगने से बालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र में करंट लगने से एक बालक की मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि पंखा खिसकाते समय करंट लगने से यह घटना घटित हुई।
शहर के थाना रामगढ़ क्षेत्र के मुहल्ला उर्दू नगर निवासी झब्बू खां का 10 वर्षीय बेटा आहिद सोमवार को घर पर ही था। परिजनों ने बताया कि गर्मी से बचाव करने के लिए उसने पंखा चला लिया। चलते हुए पंखे को नीचे से पकड़कर अपनी ओर घुमा रहा था कि तभी अचानक पंखे में करंट दौड़ गया। जिससे वह पंखे से चिपक गया। बालक की आवाज सुनकर परिवारीजन मौके पर आ गए। उन्होंने तार निकालकर उसे छुड़ाया। आनन-फानन में वह उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे।
जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि मृतक दो भाइयों में छोटा था। करंट लगने की वजह से उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर संजीव कुमार दुबे का कहना है कि परिजनों के द्वारा कोई भी शिकायत थाने में नहीं की गई है और न हीं कोई सूचना दी गई है। मामले की जानकारी करते हैं। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।