फिरोजाबाद: बोर्ड की बैठक में एक राष्ट्र-एक चुनाव संबंधी प्रस्ताव को मिली हरी झंडी

फिरोजाबाद। नगर निगम में एक राष्ट्र-एक चुनाव के मुद्दे पर बुलाई बोर्ड बैठक भी हंगामेदार रही। बात नहीं सुनने का आरोप लगाते हुए कई पार्षदों ने सदन में हंगामा किया। हालांकि बोर्ड ने एक राष्ट्र-एक चुनाव संबंधी प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी। बोर्ड द्वारा प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
एक राष्ट्र-एक चुनाव के मुद्दे पर शुक्रवार को निगम बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। एक सूत्री एजेंडा आधारित बैठक में एक राष्ट्र-एक चुनाव के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई। वहीं इस दौरान कुछ पार्षदों ने अन्य मुद्दों पर भी अपनी बात रखनी चाही। लेकिन महापौर एवं नगर आयुक्त ने पार्षदों को केवल एक राष्ट्र-एक चुनाव के मुद्दे पर ही बोलने को कहा। इस पर कई पार्षद बिफर गए। पार्षदों ने सदन में बोलने नहीं देने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामा बढ़ता देख एक सदस्य ने बीच में ही राष्ट्रगान शुरू कर दिया। राष्ट्रगान पूरा होते ही महापौर एवं नगर आयुक्त व अन्य अधिकारी सदन से बाहर निकल गए। नेता प्रतिपक्ष शारिक सलीम, इमरान मंसूरी, सुभाष यादव, रानी देवी और कई अन्य पार्षदों का आरोप था कि बोर्ड के जिम्मेदार पदाधिकारी पार्षदों को सदन में बोलने नहीं देते हैं। इस मुद्दे पर काफी देर तक हंगामा और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा।
-शनिवार को होगी कार्यकारिणी की बैठक
निगम सूत्रों के मुताबिक शनिवार को निगम के जीवाराम हॉल में कार्यकारिणी की बैठक होगी। बैठक के दौरान एक दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा होगी। खास तौर पर अटल पार्क और गांधी पार्क के अलावा चार अन्य पार्कों में खानपान के स्टॉल संचालित करने एवं रखरखाव को निजी संस्था को नामित करने, शहर में प्रकाश व्यवस्था के संचालन व रखरखाव को संस्था चयन के अलावा पेयजल व्यवस्था से संबंधित प्रस्ताव विचारार्थ रखे जाएंगे।