फिरोजाबाद: जायंट्स ग्रुप ऑफ फिरोजाबाद ग्लास सिटी का अधिष्ठापन समारोह सम्पन्न

फिरोजाबाद। जायंट्स ग्रुप ऑफ फिरोजाबाद ग्लास सिटी का अधिष्ठापन समारोह फिरोजाबाद क्लब में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर यूनिट आठ की डायरेक्टर अनु बंसल ने नवगठित कार्यकारिणी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय लोगों की सहभागिता रही।
मुख्य अतिथि जायंट्स विश्व उपाध्यक्ष एसपी चतुर्वेदी, फेडरेशन अध्यक्ष उमेश गर्ग, सचिव लव कुमार आर्य और उपाध्यक्ष गुंजन दीक्षित ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि एसपी चतुर्वेदी ने कहा कि आज के समय में ऐसे संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो निस्वार्थ भाव से समाज के लिए कार्य करते हैं। जायंट्स ग्रुप न केवल सेवा का माध्यम है, बल्कि यह लोगों को जोड़ने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का मंच भी है। मैं सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देता हूं कि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए संकल्पित रहें।
प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर और नवीन ग्रुप की सूत्रधार कल्पना राजौरिया ने जायंट्स ग्रुप की नीति, उद्देश्य और सेवा भाव पर विस्तार से प्रकाश डाला और नई टीम का निरंतर साथ देने का आश्वासन दिया। महिला शक्ति की पूर्व अध्यक्ष मधु गर्ग ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बुके भेंट कर सम्मानित करते हुए हमेशा साथ देने का वादा किया। नवगठित कार्यकारिणी में दिनेश राजा को अध्यक्ष, राम किशोर राजौरिया को आंतरिक उपाध्यक्ष और अशोक कुशवाह को बाह्य उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रशासनिक निदेशक का दायित्व मृदुल पाराशर को मिला है।
जबकि वित्त निदेशक के रूप में अंकित गोस्वामी का चयन किया गया है। कार्यकारिणी में डॉ. संध्या द्विवेदी, डॉ. प्रिया सिंह, डॉ. सोनम सेठ, कमलकांत पालीवाल और कुलदीप उपाध्याय को बोर्ड सदस्य के रूप में शपथ दिलवाई गयी। सदस्यों में राहुल प्रताप सिंह, तनुज, ललित शर्मा, ब्रजमोहन गुप्ता, हेम कुमार कुलश्रेष्ठ आदि ने शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राची अग्रवाल ने की। समारोह में प्रोजेक्ट कोर्डिनेटर सौम्या चैहान, फेडरेशन ऑफिसर रश्मि अग्रवाल सहित कई गणमान्य अधिकारी मौजूद रहे।