फिरोजाबाद: नगर निगम का अजीबो गरीब कारनामा, घर हो या फैक्ट्री टैक्स मात्र 262 रुपये

-पार्षद ने जताया विरोध, टैक्स चोरी का लगाया आरोप
फिरोजाबाद। नगर निगम के टैक्स विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का एक अजीबो गरीब मामला प्रकाश में आया है। जिसमें घर हो या फैक्ट्री सभी का टैक्स मात्र 262 रुपये कर दिया है। जब इसका प्रिंट पार्षद के हाथ लगा तो उन्होंने न केवल विरोध जताया, बल्कि टैक्स विभाग के अधिकारियों पर टैक्स चोरी करने का भी आरोप लगा दिया।
नगर निगम में सोमवार को टैक्स वसूली को लेकर एक बैठक आयोजित हुई थी। जिसमें शहर के सभी पार्षद भी मौजूद थे। टैक्स विभाग के अधिकारियों के हस्ताक्षर से कर्मचारियों टैक्स की वकाया धनराशि वसूल करने के लिए सभी वार्डो के पार्षदों को सूची थमा दी गई।
मंगलवार को वार्ड नंबर 25 के पार्षद मुनेंद्र यादव के हाथ में जब टैक्स की सूची पहुंची तो वह उसे देखकर हैरान रह गए। सूची में हाउस टैक्स के साथ ही प्रतिष्ठानों और कारखानों का टैक्स बराबर 262 रुपये लिखा था। इसे देखकर नगर निगम परिसर में उन्होंने विरोध कर दिया। उन्होंने टैक्स विभाग की टीम पर टैक्स की चोरी का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कारखानेदारों पर जहां हजारों रुपया टैक्स लिया जाता है, वहीं टैक्स के नाम पर मात्र 262 रुपये बकाया दिखाया गया है। उन्होंने मामले को लेकर उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया और टैक्स अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। सहायक नगर आयुक्त निहाल सिंह का कहना है कि कर्मचारी की गलती की वजह से एक ही टैक्स बकाए की सूची प्रिंट हो गई है। मामला हमारे संज्ञान में आया है। हम सूची को बदलवा रहे हैं।